भविष्य के लिए तैयार होंगे छात्र: NEP 2020 के तहत CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया को बनाएगा अधिक व्यावहारिक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली/पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की मूल्यांकन प्रणाली को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप ढालने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसके तहत छात्रों के किताबी ज्ञान के साथ-साथ उनकी विषयगत समझ, लॉजिकल एबिलिटी और प्रैक्टिकल नॉलेज को भी महत्व दिया जाएगा। बोर्ड का उद्देश्य रटकर उत्तर लिखने की प्रवृत्ति को कम करना और स्टूडेंट्स की वास्तविक सीखने की क्षमता का आकलन करना है। इस सुधार का मुख्य उद्देश्य रटने की पारंपरिक प्रवृत्ति को समाप्त कर छात्रों में विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और समस्या-समाधान के कौशल को बढ़ावा देना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार CBSE के सिटी कोऑर्डिनेटर सुमंत कुमार ने भी बताया कि बोर्ड इसी दिशा में काम कर रहा है। हालांकि, फिलहाल बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है। इस विजन को आगे बढ़ाने के लिए बोर्ड 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में अपने 32वें राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। ‘मूल्यांकन: वैश्विक रूप से उन्मुख, भविष्य के लिए तैयार शिक्षार्थियों का निर्माण’ थीम पर आधारित इस सम्मेलन में देशभर के शिक्षाविद और प्राचार्य शामिल होंगे। इसके माध्यम से शिक्षकों को कॉपी जांचने की आधुनिक और बेहतर तकनीकों से अवगत कराया जाएगा, ताकि बच्चों की वास्तविक सीखने की क्षमता और रचनात्मकता का सही आकलन हो सके। फिलहाल परीक्षा के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में कोई तत्काल बदलाव नहीं किया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत प्रस्तावित नई मूल्यांकन प्रणाली से पढ़ाई के तरीकों में बड़ा बदलाव आने वाला है। इसके लागू होने पर छात्रों को विज्ञान और गणित जैसे विषयों में केवल परिभाषाएं या सूत्र याद करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनके व्यावहारिक और दैनिक उपयोग को समझना अनिवार्य होगा। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में तार्किक सोच और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है। इसके लिए छात्रों को अब से ही एप्लीकेशन-बेस्ड प्रश्नों का अभ्यास शुरू कर देना चाहिए।