नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। नगर मुख्यालय मसौढी के वार्ड-2 तारेगना डीह में शनिवार सुबह खूनी खेल हो गया। खेत से पटवन कर लौट रहे राकेश राम (45 वर्ष), पिता – मुंशी राम को उसके ही चचेरे भाई ने बगीचे के पास घेरकर गोली मार दी। गोली पेट में लगी है। जख्मी को अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मामला पुराने घरेलू बंटवारा विवाद को लेकर है।दो साल पूर्व भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि आरोपी युवक दिवाली के समय अपने घर आया था। वह बाहर में काम करता है। पहले के विवाद में वह अपने मन में बदले की भावना रखे हुए था। बीते शुक्रवार को ही आरोपी घटना करने के फिराक में था, लेकिन मौका नहीं मिला। शनिवार की तड़के सुबह करीब 8 बजे जब राकेश राम खेत से पटवन कर लौट रहा था, इसी बीच नरेश सिंह के बगीचा के पास आरोपी ने उसे घेर लिया।

आरोप है कि आरोपी राहुल कुमार, पिता – सुरेंद्र राम, निवासी – तारेगना डीह ने पहले उसे धमकाया और फिर कमर से पिस्टल निकालकर गोली चला दी। पहली गोली मिस हो गई, लेकिन दूसरी गोली राकेश राम के पेट में जा लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी लेकर छानबीन शुरू की गई।
इस घटना के बाद पूरे तारेगना डीह में हड़कंप मच गया है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसके साथी पूरे मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ है कि दो साल पहले हुए आरोपी युवक के पिता के साथ में घरेलू विवाद झगडा हुआ था उसी को वह लड़का मन में बदले की भावना रखे हुए था और अब मौका मिलते ही गोली मार दी फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।