पराली की आग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित, आसपास के खेतों में भी फैल रहा नुकसान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। सरकार की रोक और कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद मसौढ़ी एवं धनरुआ प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने का सिलसिला जारी है। खेतों में फसल अवशेष जलाए जाने से पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बढ़ रहा है, वहीं मिट्टी की उर्वरता और आसपास की फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों को हटाने के बजाय कई किसान खेतों में ही आग लगा रहे हैं। इससे उठने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। कई जगहों पर पराली की आग पड़ोसी खेतों तक पहुंचने से वहां खड़ी धान की फसल को भी नुकसान हो रहा है। पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद मित्र कीट नष्ट होने के साथ आवश्यक पोषक तत्वों पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति कमजोर हो सकती है।
इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। किसानों के बीच फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर जागरूकता की कमी भी इसकी एक वजह मानी जा रही है। वहीं, खेतों में लगातार पराली जलाए जाने को लेकर प्रखंड कृषि कार्यालय की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि खेतों में पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन के निर्देश पर ऐसे किसानों को चिह्नित किया जाएगा, जो अपने क्षेत्रों में पराली जला रहे हैं। उन्होंने सभी किसान सलाहकारों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को जागरूक करने और पराली नहीं जलाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया है।
कृषि वैज्ञानिक मृणाल ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली जलाने से बचें और फसल अवशेषों को डीकंपोज कर जैविक खाद के रूप में उपयोग करें। इसके लिए बाजार में उपलब्ध डीकंपोजर की मदद ली जा सकती है। फसल अवशेषों को उचित तरीके से प्रबंधित कर खाद तैयार करने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी और पर्यावरण प्रदूषण से भी बचाव होगा।