बिहार ग्रामीण बैंक और जीविका की समन्वय बैठक आयोजित, बेहतर प्रदर्शन करने वालों को किया सम्मानित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के जसोइया मोड़ स्थित होटल गार्गी में शनिवार को बिहार ग्रामीण बैंक एवं जीविका के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकुल सहाय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष मुकुल सहाय, क्षेत्रीय प्रबंधक रवि शंकर सिंह, मुख्य प्रबंधक क्रेडिट आलोक कुमार, जीविका डीपीएम पवन कुमार, रागिनी कुमारी, माइक्रोफाइनेंस जीविका के नोडल अधिकारी पंचम दांगी एवं प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

बैठक में बैंक और जीविका के बीच बेहतर तालमेल, वित्तीय सहयोग, लक्ष्य प्राप्ति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इस दौरान बैंक के अध्यक्ष मुकुल सहाय ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और जीविका के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
अध्यक्ष मुकुल सहाय ने कहा कि औरंगाबाद की टीम द्वारा आगामी महीनों में 200 करोड़ रुपये की वितरण का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। बैंक पहले भी दो बार 100-100 करोड़ रुपये के वितरण लक्ष्य को प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिले में बैंक और जीविका के बीच बेहतर समन्वय है, जिसके परिणामस्वरूप सकारात्मक निर्णय लेने और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।
क्षेत्रीय प्रबंधक रवि शंकर सिंह ने कहा कि बैंक और जीविका एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों संस्थाओं के बेहतर समन्वय, सभी के सहयोग और टीम वर्क की बदौलत 100-100 करोड़ रुपये के लक्ष्य को दो बार प्राप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक लगातार हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए नंबर वन स्थान प्राप्त कर रहा है। इस उपलब्धि में अधिकारियों, कर्मियों और जीविका की टीम का महत्वपूर्ण योगदान है।
कार्यक्रम के दौरान निर्धारित लक्ष्य हासिल कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंक एवं जीविका के अधिकारियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में मुख्य शाखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक कुमार, परवेज आलम, किरण कुमारी, करिश्मा कुमारी सहित बैंक और जीविका के कई अधिकारी उपस्थित रहे।