डीवीसी अस्पताल में इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप, बाहर से दवाइयां और इंजेक्शन खरीदने को मजबूर परिजन; पुलिस ने जारी की सतर्कता सूचना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। निरसा के मैथन क्षेत्र में एक जंगली सियार के हमले से लोगों में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि सियार अब तक करीब 20 लोगों को हमला कर घायल कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोग भयभीत हैं। सभी घायलों को मैथन स्थित डीवीसी के बीपी नियोगी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी रंजीत महतो अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए जरूरी दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण मरीजों के परिजनों को बाहर से दवाइयां और इंजेक्शन खरीदकर लाने पड़ रहे हैं। रंजीत महतो ने डीवीसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मैथन क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द सियार को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो वह और लोगों पर हमला कर सकता है।
इधर, मैथन पुलिस ने सतर्कता सूचना जारी कर लोगों को सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, इलाके में एक जंगली सियार असामान्य और आक्रामक व्यवहार कर रहा है तथा लोगों पर हमला कर रहा है। पुलिस ने लोगों को सियार से दूरी बनाए रखने और अनावश्यक रूप से उसके नजदीक नहीं जाने की सलाह दी है। अब स्थानीय लोगों की मांग है कि वन विभाग जल्द सियार को पकड़ने के लिए कार्रवाई करे और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।