दीप प्रज्ज्वलन और प्रेरणादायी संदेशों के साथ जमुहार में मेटामोरफोसिस 4.0 की शुरुआत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जमुहार की मेजबानी में आयोजित मेटामोरफोसिस 4:0 का भव्य उद्घाटन आज संपन्न हो गया। 26 नवंबर से लेकर 29 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय समारोह में राज्य के लगभग एक दर्जन चिकित्सा महाविद्यालयों से करीब तीन सौ छात्र -छात्राएं भाग ले रहे हैं। आज प्रातः कार्यक्रम के उद्घाटन में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, प्रतिकुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलपति डॉक्टर प्रोफेसर जगदीश सिंह, प्रबंध निदेशक एवं औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, चिकित्सा निदेशक डॉक्टर आकांक्षा सिंह, नारायण मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विनोद शंकर सिंह, विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ कुमार आलोक प्रताप, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह, छात्र कल्याण डीन एवं कार्यक्रम के समन्वयक डॉक्टर आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं छात्रों के हाथ में मसाल देकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर ऊंचाई के शिखर को छूने के प्रतीक गुब्बारा को उड़ाकर भी समारोह की गरिमा बढ़ाई गई तथा इस कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं आवश्यकताओं पर सभी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त कर उपस्थित छात्रों तथा नारायण मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों को प्रोत्साहित किया। उल्लेखनीय है कि चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में इनडोर, आउटडोर एवं एथलेटिक्स से जुड़े विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी तथा प्रतिदिन शाम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

मेटाहेड सुनील कुमार व रोशनी उज्जैन तथा मेटा सचिव गोविंद माधव व शकीला सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को बैंड नाइट में “द मिराज” की प्रस्तुति होगी जबकि 27 नवंबर की स्टार नाइट में बॉलीवुड पार्श्व गायक जावेद अली अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इसी प्रकार 28 नवंबर को डीजे नाइट और 29 नवंबर को समापन के अवसर पर सूफी नाइट आयोजित होगी जिसमें आरशी अपने प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सभी विभाग अध्यक्ष, शिक्षक गण, छात्र एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान देखा जा रहा है ।