नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मदनपुर थाना क्षेत्र के सैलवा गांव निवासी 34 वर्षीय गुड्डू कुमार सिंह की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को औरंगाबाद-देव मुख्य सड़क पर गंजड़िया स्थान के पास बस और बाइक की टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हुए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह शव गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच गांव में शोक का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को औरंगाबाद-देव मुख्य सड़क पर गंजड़िया स्थान के पास बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी, जिसमें सैलवा गांव निवासी अखिलेश सिंह के 34 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया था, जहां उपचार के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह गुड्डू का शव घर पहुंचते ही पत्नी उमा देवी और मां बसंती देवी गहरे सदमे में डूब गईं तथा शव देखते ही पत्नी उमा देवी रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। होश आने पर वह बार-बार पति के बारे में पूछ रही थीं, वहीं मां बसंती देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा जबकि घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। गुड्डू अपने पीछे सात वर्षीय बेटी अनन्या और चार वर्षीय बेटे आशीर्वाद को छोड़ गए हैं, जिन्हें अभी इस अनहोनी का पूरा अहसास भी नहीं है कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया है। सड़क हादसे में परिवार का सहारा छिन जाने और बच्चों के भविष्य की चिंता से हर कोई भावुक नजर आया।