30 साल से कारोबार कर रहे दुकानदारों पर रोजी-रोटी का संकट, रेलवे और जिला प्रशासन से लगाई गुहार
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद स्टेशन रोड पर गुरुवार सुबह रेलवे ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 30 दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम की ओर से नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण कराया जाना है। इसी को लेकर अतिक्रमण हटाया गया। गुरुवार सुबह धनबाद रेल मंडल के अधिकारी और सुरक्षा बल स्टेशन रोड पहुंचे। इसके बाद सड़क किनारे स्थित दुकानों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।

देखते ही देखते करीब 30 दुकानें ध्वस्त कर दी गईं। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारी और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विकास कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक था। वहीं, कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से यहां दुकान लगाकर परिवार चला रहे थे। अचानक हुई कार्रवाई से उनकी आजीविका छिन गई है।
प्रभावित दुकानदारों ने रेल प्रबंधक और जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए दोबारा दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की है, ताकि वे फिर से रोजगार शुरू कर सकें। फिलहाल करीब 30 दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट है। अब उनकी नजर रेलवे और जिला प्रशासन की पहल पर टिकी है।