नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढी। मसौढ़ी अनुमंडल कार्यालय परिसर में संविधान दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अनुमंडल परिसर में स्थापित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और संविधान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कर्मी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।

शपथ के दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस मौके पर संविधान की गाथा भी सुनाई गई और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी धर्मवीर प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, एक्साइज सुपरिंटेंडेंट निशांत कुमार, लालमोहन सिंह, शिल्पी ठाकुर, डॉ राम जयपाल सिंह, नवल भारती, धर्मेंद्र रंगकर्मी, सहित सैकड़ों संख्या में छात्र-छात्राएं, बीएसपी पार्टी के कार्यकर्ता सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे परिसर में संविधान दिवस को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। छात्र-छात्राओं ने संविधान के महत्व पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी धर्मवीर प्रसाद ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। उन्होंने कहा, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें ऐसा संविधान दिया है, जिसमें हर नागरिक को बराबर का अधिकार मिला है। हम सभी को संविधान में बताए गए कर्तव्यों का पालन करना चाहिए और समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए। संविधान का पालन ही सच्ची देशभक्ति है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। बसपा के विधानसभा प्रभारी चितरंजन ने कहा, आज के युवाओं को बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, संघर्ष और संगठन के बल पर समाज को नई दिशा दी। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर एक मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।