नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम श्रमिक संघ गया प्रमंडल के बैनर तले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के आंदोलन के कारण निगम से संबंधित कामकाज प्रभावित रहा। अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

हड़ताल समाप्त कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार और सिविल लाइंस थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की और समझौते का प्रयास किया। हालांकि, दोनों अधिकारियों की पहल के बावजूद वार्ता सफल नहीं हो सकी। कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और समझौते की कोशिश नाकाम हो गई।कर्मचारियों की प्रमुख पांच मांगों में सभी कर्मियों का एक ही कंपनी में समायोजन, बिना उचित आरोप के हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्बहाली, प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान, वेतन की पे-स्लिप उपलब्ध कराना तथा प्रतिमाह 26 दिनों की ड्यूटी सुनिश्चित करना शामिल है।
संघ के अध्यक्ष नवीन कुमार और जोगेश्वर यादव के नेतृत्व में जारी आंदोलन में अनिल कुमार, संजय राउत, साकेत कुमार, हरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, सीता कुमारी, बबिता कुमारी, प्रतिमा कुमारी, शोभा कुमारी, सूफी खातून, शिवानी कुमारी समेत बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग कर्मी शामिल रहे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।