हाइड्रा की मदद से कार और दोनों शवों को नहर से निकाला गया, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। पालीगंज थाना क्षेत्र में उदयपुर और मसौढ़ा गांव के बीच रविवार को एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मिली जानकारी के अनुसार अरवल जिले के उसरी गांव निवासी दोनों युवक स्विफ्ट डिजायर कार से पटना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उदयपुर-मसौढ़ा गांव के बीच चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे नहर में जा गिरी। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने हाइड्रा की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद कार से दोनों युवकों के शव भी बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान सूरज कुमार (30), पिता मनोज शर्मा और रंजीत कुमार (28), पिता रामानुज शर्मा, दोनों ग्राम उसरी, थाना मेहंदिया, जिला अरवल के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कार के नहर में गिरने से दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है।