नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज सुबह-सुबह औरंगाबाद-डाल्टेनगंज मुख्य पथ (NH-139) पर में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और खूनी खेल देखने को मिला है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भैरोपुर-चतरा मोड़ के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क किनारे खेत में जा घुसा और ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस वीभत्स दुर्घटना में बाकन गांव के एक युवक दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दो लोगों का इलाज वाराणसी में चल रहा है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद दीपू के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे.। शव देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गयी।

इस घटना से स्थानीय प्रशासन और परिवहन नियमों की ढिलाई के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ मृतक दीपू ही ऑटो चला रहा था, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पिकअप चालक अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से दुम दबाकर भाग निकला। इस के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है। पुलिस अब दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने और उस भगोड़े ड्राइवर को दबोचने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है।
इस हादसे ने रविवार की सुबह एक हंसते-खेलते परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द दे गया। अपने घर जा रहे यात्रियों को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतज़ार कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर दिखा दिया कि रफ्तार का कहर कैसे पल भर में मासूम जिंदगियां निगल जाता है। लेकिन सवाल अब भी वही है कि सड़कों पर दौड़ते इन ‘यमदूतों’ पर आखिर कब लगाम कसेगी?