नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के समीप एनएच 27 पर शुक्रवार की तड़के अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतकों की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र निवासी अनिल यादव और उनके दोस्त जीतेश कुमार के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों के स्वजन सदर अस्पताल पहुंच गए। वहां स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि अनिल यादव और जीतेश कुमार बाइक से महावीरी अखाड़ा का जुलूस देखने के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार की तड़के दोनों दानापुर गांव के समीप एनएच 27 से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर बाद दोनों की मौत हो गई।घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस एनएच 27 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।