छात्र सोजल को उपायुक्त के हस्तक्षेप से कुछ ही घंटों में मिला 7.5 लाख रुपये का शिक्षा ऋण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब जैनामोड़ क्षेत्र अंतर्गत अंगवाली, मिश्रा टोला निवासी सोजल कुमार शिक्षा ऋण नहीं मिलने की पीड़ा लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा से मिलने पहुंचे। बीटेक (सीएसई) प्रथम वर्ष के छात्र सोजल कुमार ने बताया कि आर्थिक संसाधनों के अभाव में उनकी उच्च शिक्षा बाधित होने की स्थिति में थी। परिवार की सीमित आय के कारण वे शिक्षा ऋण के लिए प्रयासरत थे, परंतु ऋण स्वीकृति नहीं होने से वे अत्यंत व्यथित थे।
समाहरणालय परिसर में मामले की गंभीरता और छात्र की परिस्थिति को देखते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने त्वरित हस्तक्षेप किया तथा संबंधित बैंक अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि अन्य बैंकों द्वारा आवेदन को सिबिल स्कोर कमजोर होने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया था, परंतु बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवेदन को स्वीकृत किया। उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद 7.5 लाख रुपये का शिक्षा ऋण अगले कुछ ही घंटों में स्वीकृत कर दिया गया।

ऋण स्वीकृत होने की सूचना मिलते ही छात्र और उनके परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी स्पष्ट झलक उठी। सोजल कुमार ने जिला प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे पूरे मनोयोग से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की शिक्षा केवल आर्थिक कारणों से बाधित नहीं होनी चाहिए। शिक्षा ही भविष्य निर्माण का आधार है। सभी बैंक शिक्षा ऋण मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य करें, ताकि योग्य विद्यार्थियों के सपनों को पंख मिल सके। उन्होंने अन्य बैंकों को भी प्रोएक्टिव होकर ऐसे आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही।