नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद/पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी की जीत सुनिश्चित है। यह दावा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता अनूप सिन्हा ने करते हुए कहा कि बांकीपुर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की परंपरागत सीट पर जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त करेगी।
श्री सिन्हा ने कहा कि नितिन नवीन ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास, जनता के बीच निरंतर सक्रियता और संगठन को मजबूत करने का जो कार्य किया, उसके कारण भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा ने अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
अनूप सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में नितिन नवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता का लाभ पार्टी को लंबे समय तक मिला। बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने के लिए छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटना आएंगे और चुनाव अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताते हुए अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी को भारी मतों से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल कायस्थ समाज ही नहीं, बल्कि सभी वर्गों और सभी जातियों के मतदाताओं का शत-प्रतिशत समर्थन भाजपा को मिलेगा। क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है।
अनूप सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा बिहार में एनडीए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का लाभ भी पार्टी को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी और यह जीत जनता के विश्वास तथा विकास की राजनीति पर मुहर होगी।