बेताब अहमद
डेहरी/पटना। डेहरी विधानसभा क्षेत्र की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए स्थानीय लोकप्रिय विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से विशेष मुलाकात कर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की सूरत बदलने के लिए एक मजबूत पैरवी की है। विधायक सोनू सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सौंपे अपने चार सूत्री मांग पत्र में दरिहट एपीएचसी को पीएचसी में अपग्रेड करने और डेहरी अनुमंडल अस्पताल में आईसीयू, एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं शुरू करने की पुरजोर वकालत की।
विधायक ने कहा, “दरिहट की एक बड़ी आबादी को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए वहां पीएचसी की स्थापना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही अकोढ़ीगोला और पकड़िया में नई स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू होने से गरीबों को उनके घर के पास ही इलाज मिल सकेगा।” स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक की जनहित से जुड़ी इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। विधायक सोनू सिंह के इस प्रयास से क्षेत्र की जनता में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े सुधार की उम्मीद जगी है।
विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि डेहरी अनुमंडल की गरीब जनता अब इलाज के अभाव में दम नहीं तोड़ेगी और न ही इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करेगी। क्षेत्र की जनता से किए अपने वादे को पूरा करने के लिए मैंने आज सीधे स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की और साफ शब्दों में कह दिया है कि दरिहट की बड़ी आबादी को उनका हक तुरंत चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक डेहरी अनुमंडल अस्पताल में आईसीयू, एमआरआई और डॉक्टरों की कमी दूर नहीं होती, तब तक मैं शांत बैठने वाला नहीं हूँ। मंत्री जी ने आश्वासन तो दिया है, लेकिन हमारी नजरें काम पर टिकी हैं। क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की सूरत हम हर हाल में बदल कर रहेंगे।