उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आनंदा सेन ने किया भूमि पूजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। रविवार को बोकारो जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्मित भवन निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति आनंद सेन, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय, रांची द्वारा विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही न्यायमूर्ति आनंदा सेन ने कैंप टू में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय आवास का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, बोकारो, न्यायिक पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्यगण सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि बार एसोसिएशन का नवनिर्मित भवन न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के साथ-साथ अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
न्यायमूर्ति आनंदा सेन ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं एवं न्यायपालिका के मध्य समन्वय न्याय व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नया भवन अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा न्यायिक कार्यों के निष्पादन में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान मंच से न्यायमूर्ति ने जिला प्रशासन की ओर से सीएसआर मद से बोकारो जिला अधिवक्ता संघ परिसर में विभिन्न विकास योजनाओं की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी।
स्वीकृत योजनाओं में बोकारो जिला अधिवक्ता संघ परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य, प्रथम चरण में 30 केवीए क्षमता वाले सोलर पावर प्लेट का अधिष्ठापन तथा ई-पुस्तकालय का संचालन शामिल है।