नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद-रांची मुख्य मार्ग को अविलंब चालू कराने की मांग को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा द्वारा किया जा रहा 24 घंटे का अनशन रविवार को समाप्त हो गया। विधायक ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा।
अनशन समाप्त कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से धनबाद उपायुक्त ने विधायक को फोन के माध्यम से आश्वासन दिया कि धनबाद- रांची मुख्य सड़क से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर सोमवार को विशेषज्ञों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में सड़क की स्थिति, सुरक्षा और आवागमन बहाल करने को लेकर विस्तार से चर्चा होगी।
विधायक राज सिन्हा मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। उनका कहना था कि सड़क बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर धनबाद और बोकारो के बीच आवागमन प्रभावित होने से रोजमर्रा के कामकाज, व्यापार और मरीजों की आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं।
विधायक ने प्रशासन से मांग की थी कि सड़क की तकनीकी जांच कर जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उपायुक्त द्वारा वैज्ञानिकों के साथ बैठक का आश्वासन मिलने के बाद विधायक ने अनशन समाप्त किया।