घर खाली छोड़ गए थे पारिवारिक कार्यक्रम में
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। घर बंद कर शोक संतप्त परिवार के कार्यक्रम में शामिल होने रांची जाना एक परिवार को महंगा पड़ गया। दाउदनगर औरंगाबाद रोड में एनएच 139 के किनारे स्थित घर को तोड़कर आलमीरा में रखा हुआ करीब 75 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और एक लाख रुपये नगदी चोर ले भागने में सफल रहे।
इस संबन्ध में पीड़ित श्रीनाथ तिवारी के भाई दशरथ तिवारी ने प्राथमिकी करायी है। यह घर दाउदनगर- औरंगाबाद रोड पर अरविंद हॉस्पिटल के सामने सड़क से लगभग 100 फीट अंदर में है। शुक्रवार की देर रात स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर छान-बीन की।
प्राथमिकी के अनुसार गृहस्वामी अपनी पत्नी के साथ रांची में थे। उनके ससुराल में मृत्यु की घटना हुई थी। उसी सिलसिले में वे अपनी पत्नी के साथ रांची गए हुए थे। उनके भाई दशरथ तिवारी द्वारा प्राथमिकी आवेदन में कहा गया है कि सोने का दो चैन और दो हार, चार कंगन, चार अंगूठी, दो मंगटिका, चार झुमका ,दो नथिया चोर ले गए। सभी मिलाकर करीब 500 ग्राम सोना का जेवर बताया गया है जिसकी कीमत लगभग 75 लाख रुपए बताई गई है।
इसके अलावा एक लाख रुपए नगद भी चुरा लिया गया। घर में रखे सभी गोदरेज, बक्सा और अलमारी, बैग सभी को ढूंढ कर चोरी की। तोड़फोड़ किया गया है। अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।