नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी अभिलाषा शर्मा के मार्गदर्शन में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग’ कार्य सभी प्रगणकों द्वारा किया जा रहा है।
इस चरण के अंतर्गत जिले के सभी घरों का सूचीकरण किया जाएगा तथा प्रत्येक घर पर हाउसहोल्ड नंबर अंकित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया जनगणना का एक महत्वपूर्ण आधार है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

House numbering एवं HLB का नज़ारी नक्शा तैयार करने का कार्य दिनांक 04.05.2026 तक सभी प्रगणकों द्वारा अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में पूर्ण किया जाना है।
उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवासीय विवरण संकलन का कार्य दिनांक 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न होगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले के प्रत्येक घर, परिवार एवं नागरिक से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं का संकलन किया जाएगा।

जनगणना कार्य में लगे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समयावधि में अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर यह कार्य संपादित करेंगे। इस दौरान नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनगणना को सफल बनाएं।
जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी जिलावासियों से अपील की जाती है कि वे इस महत्वपूर्ण जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय दायित्व के सफल क्रियान्वयन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।