नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत नगर परिषद, औरंगाबाद द्वारा सम्राट अशोक भवन, औरंगाबाद में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। शिविर में उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान आमजनों को व्यक्तिगत स्वच्छता, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, कचरे के उचित निस्तारण तथा विभिन्न प्रकार के संक्रमण एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से है तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की नियमित आदत के रूप में अपनाकर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
गौरतलब है कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों में दिनांक 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के अंतर्गत कचरे के ढेर वाले स्थलों को चिह्नित कर विशेष साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, विद्यालयों में ‘स्वच्छता पाठशाला’, सफाई मित्रों के लिए ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’, पर्यटन स्थलों की विशेष साफ-सफाई सहित विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा अपने घर, गली, मोहल्ले एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कचरे का उचित निस्तारण करें और स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। सामूहिक जनभागीदारी से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर औरंगाबाद के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।