नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशनुसार ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व देव चैती छठ मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालु छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देव में पहली बार सूर्य कुंड स्थित जीवा बिगहा मोड़ के समीप टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है।
इस टेंट सिटी का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले छठ व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि वे श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान सूर्य की आराधना कर सकें। टेंट सिटी में छठ व्रतियों के ठहरने हेतु फोल्डिंग बेड, गद्दा, बेडशीट, चादर, तकिया सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही परिसर में स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि टेंट सिटी में ठहरने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाते हुए प्रशासन का सहयोग करें। देव चैती छठ मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि सभी व्रतीगण सुगमता एवं श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर की उपासना कर सकें।