नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अगस्त माह में हुई आकस्मिक वर्षा के कारण फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट अनुदान राशि का भुगतान किया गया। उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में औरंगाबाद जिला से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं जिला कृषि पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस क्रम में औरंगाबाद जिले के 5 प्रखंडों की 42 पंचायतों के कुल 4,011 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से कुल 1 करोड़ 92 लाख 49 हजार 623 रुपये की अनुदान राशि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाकर अनुदान राशि सीधे लाभुक किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई, जिससे प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट अनुदान का लाभ उपलब्ध कराया जा सके। इस योजना के तहत औरंगाबाद जिले में कुल 2,718 एकड़ प्रभावित रकबा के लिए बिहार सरकार से स्वीकृति प्राप्त हुई है।
कृषि इनपुट अनुदान का उद्देश्य आकस्मिक वर्षा जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण फसल क्षति झेलने वाले किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा उन्हें कृषि कार्यों को सुचारु रूप से जारी रखने में सहयोग देना है।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद की ओर से सूचित किया जाता है कि जिन पात्र किसानों के बैंक खातों में अब तक अनुदान राशि प्राप्त नहीं हुई है, वे आवश्यक जानकारी एवं निराकरण के लिए जिला कृषि कार्यालय अथवा संबंधित कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।