अख्तियारपुर पुल के पास दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला गया युवक, शव रखकर आगजनी और सड़क जाम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। पालीगंज नगर बाजार के अख्तियारपुर पुल के पास बुधवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद युवक बाइक समेत बस के इंजन के नीचे फंस गया। उसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने अरवल-पटना मुख्य सड़क पर शव रखकर आगजनी की और सड़क जाम कर दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद से पटना की ओर जा रही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बस की अख्तियारपुर पुल के पास पालीगंज की ओर से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक बाइक समेत बस के इंजन के नीचे फंस गया। बताया जाता है कि बस की रफ्तार तेज होने के कारण युवक बाइक समेत काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से बाइक समेत युवक को बस के नीचे से निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पालीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पालीगंज थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव निवासी रविन्द्र यादव के 24 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हिमांशु पालीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पालीगंज पुलिस अस्पताल पहुंची। वहीं, हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव कुरकुरी में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण शव को टेंपो पर लादकर घटनास्थल पर ले गए और अरवल-पटना मुख्य सड़क पर रखकर आगजनी करते हुए सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम होने से आवागमन बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। बाद में पुलिस ने मृतक के परिजनों को सड़क दुर्घटना में मिलने वाली सहायता राशि और पारिवारिक लाभ योजना के तहत मिलने वाली राशि उपलब्ध कराई। इसके बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन बहाल हुआ।