नवबिहार टाइम्स संवाददाता
देव (औरंगाबाद)। भगवान श्री सूर्य नारायण सेवा समिति, देव के तत्वावधान में केताकी पश्चिमी पंचायत के मुखिया सह समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार रंजन के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह पूर्व उपप्रमुख मनीष राज पाठक ने की।
बैठक में राज्य सरकार के नशा मुक्ति अभियान से प्रेरित होकर अनुसूचित समाज के लोगों ने शराब छोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान समिति द्वारा रामनंदन राम, कुनी राम एवं सहवीर राम को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

बताया गया कि सहवीर राम लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज दिल्ली एम्स में कराया गया था। इसके बावजूद वे चोरी-छिपे शराब का सेवन कर रहे थे। समिति ने जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें और अन्य लोगों को शराब से होने वाले सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी।
समिति के इस प्रयास का सकारात्मक असर देखने को मिला और कई लोगों ने नशा छोड़ने का निर्णय लिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में समिति के सचिव दीपक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता, सह सचिव आलोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दिलीप राज, मनोज कुमार चौरसिया, निरंजन कुमार वर्मा, महेश पाल, अजित कुमार यादव, राहुल सोनी, गौतम कुमार, धर्मेंद्र बैठा, मोहित रंजन, विक्की कुमार, जयचंद कुमार, भानु प्रताप, अनिल साव, अजित चौधरी, सिंटू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि भगवान श्री सूर्य नारायण सेवा समिति, देव एक निबंधित संस्था है, जो सांस्कृतिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों पर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए नशा उन्मूलन अभियान की शुरुआत की गई है।