नवबिहार टाइम्स संवाददाता
देव (औरंगाबाद)। देव नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के गठन के लिए रविवार को आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में दो पदों पर सूरज और करिश्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि एक पद के लिए हुए मुकाबले में वार्ड संख्या-1 के पंकज यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रविरंजन उर्फ सीटू कुमार को 3 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
नगर पंचायत देव प्रखंड भवन में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन पदाधिकारी वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी गई।
वार्ड संख्या-1 से हुए मतदान में कांटे की टक्कर देखने को मिली। मतगणना के बाद पंकज यादव ने मात्र तीन वोटों के अंतर से जीत हासिल कर सशक्त स्थायी समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की।
निर्विरोध निर्वाचित सदस्य सूरज ने कहा कि वे नगर पंचायत के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। वहीं करिश्मा ने समिति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। चुनाव संपन्न होने के बाद निर्वाचित सदस्यों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नई सशक्त स्थायी समिति नगर के विकास कार्यों को गति देने और जनहित के मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।