करीब 100 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत भादो माह में आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर परिसर में रविवार से अखंड कीर्तन की शुरुआत हुई। अखंड कीर्तन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। कीर्तन शुरू होते ही पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना में लीन होकर लगातार 24 घंटे तक अखंड कीर्तन करेंगे। सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन किया जाएगा।
अखंड कीर्तन में रावल बिगहा, रघुनंदन बिगहा, हसौली, कोइरी बीघा, कुंडा और कामा बिगहा सहित आसपास के कई गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ग्रामीणों के आर्थिक और शारीरिक सहयोग से इस धार्मिक आयोजन को संपन्न कराया जाता है। श्रद्धालु पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ कीर्तन में शामिल होकर भगवान सूर्य की भक्ति में डूबे रहे।
आयोजन के संचालन में मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं रघुनंदन बिगहा निवासी जितेंद्र कुमार यादव तथा बड़ू-छोटू ने श्रोता के रूप में भाग लिया। आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि देव सूर्य मंदिर में होने वाला यह अखंड कीर्तन करीब 100 वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है। प्रत्येक वर्ष भादो माह में इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है।
अखंड कीर्तन के अवसर पर मंदिर के सामने पूरे दिन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं रविवार की रात तथा सोमवार को कीर्तन के समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
इस धार्मिक आयोजन में प्रमोद कुमार सिंह, अशोक सिंह, अक्षयवर यादव, रामस्वरूप यादव, ब्रजेश यादव, जनेश्वर यादव, सुदर्शन यादव, अरविंद यादव, अरुण यादव, राजा पासवान, टीएन सिंह, रामदयाल यादव, रामदयाल महतो, अर्जुन राम, मीता राम, ब्रजेश गिरी, निरंजन कुमार, नंद सिंह, रामकेवल यादव, कमलेश, हरेन्द्र, आदर्श, आकाश, सूरज, कन्हैया साव, महेंद्र महतो, ललन महतो, अवध पासवान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।