सादे लिबास में चेंबर में घुसकर मारपीट करने का आरोप, बार एसोसिएशन ने एसएसपी से की शिकायत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद कोर्ट परिसर में सोमवार को अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कुछ जवान सादे लिबास में अधिवक्ता के चेंबर में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए।
अधिवक्ताओं के पहुंचने पर कथित तौर पर मारपीट में शामिल अन्य लोग वहां से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को अधिवक्ताओं ने पकड़ लिया। बाद में पुलिस उसे अपने साथ धनबाद थाने ले गई। घटना की सूचना मिलने पर धनबाद थाने की पुलिस समेत कई थानों की पुलिस कोर्ट परिसर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल एसएसपी को दी गई थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घटना को गैरकानूनी बताते हुए इसे न्यायपालिका पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता के साथ मारपीट में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता किसी मामले में आरोपी को आत्मसमर्पण कराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता धनबाद थाने में जुट गए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि वे पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में कथित आरपीएफ जवानों की भूमिका और मारपीट के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।