24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराई ट्राई साइकिल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला प्रशासन, औरंगाबाद के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज ‘एक्स’ पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं आमजनों के सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो टैग किया गया था।
वीडियो में दिखाया गया कि रफीगंज प्रखंड अंतर्गत पौथु थाना क्षेत्र के पोखर बिगहा गांव निवासी कक्षा 6 की दिव्यांग छात्रा निशा कुमारी प्रतिदिन डंडे के सहारे लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय आने-जाने के लिए विवश थी।
सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त उक्त सूचना पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को छात्रा की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में शिक्षा विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर छात्रा निशा कुमारी को उसके विद्यालय राजकीय मध्य विद्यालय, बेलहरिया में ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई। ट्राई साइकिल मिलने से छात्रा के लिए विद्यालय तक आवागमन सुगम हुआ है तथा नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने में उसे सुविधा मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों तक आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति, विशेषकर दिव्यांगजन एवं बच्चों को आवश्यक सरकारी सहायता एवं सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।