नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला विधिज्ञ संघ औरंगाबाद के कार्यसमिति चुनाव 2026–28 में अध्यक्ष पद पर विजय कुमार पाण्डेय तथा महासचिव पद पर जगनरायण सिंह ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर नया इतिहास रच दिया। दोनों पदाधिकारियों की इस जीत को अधिवक्ताओं ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और सक्रिय नेतृत्व का परिणाम बताया।
चुनाव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद सिंह तथा सहायक सदस्य कामता प्रसाद सिंह, सरोज रंजन सिन्हा, राधेश्याम सिंह और अभय कुमार ने मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा की।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में विजय कुमार पाण्डेय को 407 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी नागेन्द्र सिंह को 322 वोट मिले। वहीं एक अन्य प्रत्याशी अरुण कुमार शर्मा को 12 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार विजय कुमार पाण्डेय 85 वोटों के अंतर से विजयी घोषित किए गए।
इसी प्रकार महासचिव पद के लिए हुए चुनाव में जगनरायण सिंह को 383 वोट प्राप्त हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी परशुराम सिंह को 277 वोट, प्रमोद कुमार सिंह को 20 वोट, सतीश कुमार सिंह को 18 वोट, अखिलेश कुमार को 16 वोट, विजय कुमार सिंह को 13 वोट, निरज कुमार सिंह को 5 वोट तथा रामोतार यादव को 5 वोट मिले। इस तरह जगनरायण सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी परशुराम सिंह को 106 वोटों से पराजित कर महासचिव पद पर जीत दर्ज की।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और अधिवक्ताओं ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।
विजय कुमार पाण्डेय और जगनरायण सिंह ने अपनी जीत पर अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति विशेष की नहीं बल्कि जिला विधिज्ञ संघ औरंगाबाद के सभी अधिवक्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों पर अधिवक्ताओं ने भरोसा जताया है और आने वाले समय में संघ के विकास तथा अधिवक्ताओं के हित में कार्यों को और गति दी जाएगी।
अन्य पदों के लिए मतों की गिनती जारी है, जिनके परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे।