नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। मूल रूप से बिहार के मूलसर्प निवासी डॉ. शिव कुमार राय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में लगभग तीन दशक की समर्पित सेवा के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी पदोन्नति पुलिस उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) के पद पर हुई है।
डॉ. शिव कुमार राय ने वर्ष 1995 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सहायक कमांडेंट (चिकित्साधिकारी) के पद पर नियुक्त होकर अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में तैनाती के दौरान बल के जवानों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई। कठिन परिस्थितियों, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण कार्यस्थलों पर भी उन्होंने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। अगस्त 2022 से वे 47 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में कमांडेंट (चिकित्सा) सह मुख्य चिकित्साधिकारी (एसजी) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने बल की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
लगभग 30 वर्षों के सतत परिश्रम और अनुकरणीय सेवा के बाद 14 जनवरी 2026 को उन्हें पुलिस उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को पुलिस महानिरीक्षक, बिहार सेक्टर द्वारा उन्हें औपचारिक रूप से उन्नयन पदोन्नति रैंक प्रदान की गई। इस अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों और सहकर्मियों ने डॉ. शिव कुमार राय को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी पदोन्नति को बल में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में लंबे समय से किए गए योगदान की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।