नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के देव स्थित रानी व्रजराज तालाब के समीप रामलीला मैदान में विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन किया गया। करीब 70 फीट की रावण का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ दीपक कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष पिंटू साहिल, उपाध्यक्ष गोलू गुप्ता, सिद्धेश्वर विद्यार्थी सहित कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। रावण दहन देखने के लिए स्थानीय लोगों सहित आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया गया।
विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर संसार को अन्याय, अहंकार और अधर्म से मुक्ति दिलाने का संदेश दिया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देव के रामलीला मैदान में रावण दहन का आयोजन किया गया। रावण दहन को लेकर लोगों में उत्साह रहा। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन ने लोगों को दशहरा पर्व के महत्व से परिचित कराया।
इस अवसर पर भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने, सत्य के मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। दशहरा भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख त्योहार है, जो लोगों को यह याद दिलाता है कि अहंकार और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। देव के रामलीला मैदान में आयोजित रावण दहन ने इस इसी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को जीवंत किया।