नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। रफीगंज नगर पंचायत की ओर से शहर में अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया। नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी मैमून निशा के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय से थाना होते हुए कालीस्थान से हाजीपुर गोला तक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। नगर पंचायत की टीम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
नगर पंचायत प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा में ही दुकान एवं अन्य गतिविधियां संचालित करें और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।