नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी गांव स्थित बुध बाजार के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ताशा पार्टी के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने मुआवजे व सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे उस समय हुआ जब मुहर्रम के अवसर पर कार्यक्रम समाप्त कर ताशा पार्टी के सदस्य पिकअप वाहन से गौला से रामगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान होटल सम्राट के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने पिकअप वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच युवक कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।