नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अकोढ़ीगोला। रोहतास के अकोढ़ी गोला बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बृहस्पतिवार को एक इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा के गोदाम में भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखीं 60 से अधिक नई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
सूचना मिलते ही अकोढ़ी गोला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर दौड़ीं। स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों के बीच तफरी मच गई, जिसके बाद भारी मशक्कत से आग को शांत किया गया।
गोदाम के प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग से 60 से अधिक नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा पूरी तरह जल गए। उन्होंने कहा कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो पाएगा, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
थाना प्रभारी राकेश गोसाईं ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दुकान मालिक के लिखित आवेदन के बाद आग लगने के असली कारणों का सनसनीखेज खुलासा हो सकेगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगाने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।