राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा स्व. माधव लाल की अंत्येष्टि, जिला प्रशासन तैयारी में जुटा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। गोमिया के पूर्व विधायक एवं झारखंड बिहार में मंत्री रह चुके माधव लाल सिंह का आज रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गोमिया सहित पूरे बोकारो में शोक की लहर है।
माधव लाल सिंह गोमिया विधान सभा से वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में विधायक चुने गए। श्री सिंह वर्ष 2000 में बिहार सरकार एवं झारखंड गठन के बाद 2003 में मंत्री बनाए गए। सरल स्वभाव एवं स्पष्टवादी व्यक्तित्व के कारण वो लोगों के बीच काफी लोक प्रिय थे।
इस बीच खबर मिली है कि राज्य सरकार ने स्व. माधव लाल सिंह की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में झारखण्ड सरकार, मंत्रिमण्डल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा आदेश जारी किया गया है। जिसके बाद बोकारो जिला प्रशासन ने राजकीय सम्मान के अनुरूप अंत्येष्टि की तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वयं उपायुक्त अजय नाथ झा इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इधर, उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पूर्व मंत्री सह गोमिया विधायक माधव लाल सिंह के निधन का समाचार बोकारो जिले के लिए अत्यंत दुःखद है।
स्व. माधव लाल सिंह ने सार्वजनिक जीवन में रहकर जनसेवा, सामाजिक समरसता एवं क्षेत्र के विकास हेतु महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका निधन समाज एवं सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।
जिला प्रशासन दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता है तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।