कर्मा रोड में लगेगा निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह करेंगे उद्घाटन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और पहल के तहत सुपर स्पेशियलिटी एवं एडवांस होम्योपैथिक रिसर्च क्लिनिक लाइफ लाइन की दूसरी शाखा का शुभारंभ 19 सितंबर शनिवार को किया जाएगा। दाउदनगर के मेन रोड मौलाबाग के बाद क्लिनिक की नई शाखा औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड, वन विभाग के समीप शुरू की जा रही है। इस अवसर पर निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

क्लिनिक के उद्घाटनकर्ता औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह होंगे। वहीं कार्यक्रम में औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा, रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह, नगर परिषद औरंगाबाद के चेयरमैन उदय गुप्ता, सिविल सर्जन औरंगाबाद डॉ. कृष्ण कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सतीश सिंह, वैश्य चेतना समिति बिहार के अध्यक्ष ई. सुंदर साहू तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स औरंगाबाद के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रहेगी।
क्लिनिक के संचालक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी एवं एडवांस होम्योपैथिक रिसर्च क्लिनिक लाइफ लाइन लंबे समय से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है। दाउदनगर के बाद औरंगाबाद में दूसरी शाखा शुरू होने से शहर एवं आसपास के लोगों को होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
आयोजकों ने शहरवासियों एवं जिले के लोगों से उद्घाटन समारोह तथा निःशुल्क चिकित्सा शिविर में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।