नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के डुमरी जंक्शन पर मंगलवार सुबह चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में 504 बेटिकट और अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा गया। रेल प्रशासन ने इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 2,55,145 रुपये की वसूली की।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चलाया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन “लाल गाड़ी” के साथ जांच अभियान संचालित किया।
जांच अभियान की शुरुआत पटना सिंगरौली पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद 63241 समेत करीब 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों में लगातार चार घंटे तक सघन टिकट चेकिंग की गई।
अभियान का असर पूरे पटना-गया रेलखंड पर देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद समेत विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें नजर आईं। रेल प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान टिकट बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।