चार घंटे की कार्रवाई में 2.82 लाख रुपये जुर्माना वसूला, 19 टीटीई और आरपीएफ की संयुक्त टीम रही तैनात
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह तारेगना एवं पुनपुन स्टेशन पर चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान में 338 बेटिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। जांच के दौरान यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2 लाख 82 हजार 120 रुपये रेल राजस्व की वसूली की गई।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 19 टीटीई और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही। टिकट जांच के लिए विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन ‘लाल गाड़ी’ का भी इस्तेमाल किया गया।
अभियान की शुरुआत सिंगरौली-पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद 63241 सहित करीब 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों में लगातार चार घंटे तक सघन टिकट जांच की गई। तारेगना और पुनपुन स्टेशन के अलावा पूरे पटना-गया रेलखंड पर इसका असर देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद समेत विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। टिकट बिक्री में भी वृद्धि दर्ज की गई।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और उचित श्रेणी में ही यात्रा करें, ताकि उन्हें जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।