धनरूआ में भी बनाए गए दो मतदान केंद्र, 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
शशि तुलस्यान
मसौढ़ी। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर मसौढ़ी अनुमंडल में मतदान केंद्रों का गठन किया गया है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को पटना के ए.एन. कॉलेज में होगी।
मसौढ़ी प्रखंड कार्यालय में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र संख्या 16 के पूर्वी भाग में कुल 1210 मतदाता हैं, जिनमें 916 पुरुष और 294 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, पश्चिमी भाग में 490 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 374 पुरुष और 116 महिला मतदाता हैं।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मसौढ़ी अंचल कार्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान केंद्र संख्या 8 पर कुल 180 मतदाता हैं, जिनमें 153 पुरुष और 27 महिला मतदाता शामिल हैं।
इधर, धनरूआ प्रखंड कार्यालय में भी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां कुल 1210 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई है।