खरीद लक्ष्य 50 प्रतिशत करने, कमीशन व मिलिंग शुल्क बढ़ाने और गन्नी बैग की दर 75 रुपये करने की मांग
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। धान अधिप्राप्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरहरा स्थित पम्पम मैरेज हॉल में पटना जिला पैक्स अध्यक्ष संघ की जिला स्तरीय बैठक हुई। संघ के अध्यक्ष रितेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद की व्यवस्था में सुधार और विभिन्न शुल्कों में वृद्धि की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि 15 नवंबर से पहले मांगें पूरी नहीं हुईं तो पैक्स अध्यक्ष धान की खरीद शुरू नहीं करेंगे।
बैठक में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर कुल उत्पादन का 50 प्रतिशत करने, कमीशन और मिलिंग शुल्क सहित अन्य दरों में वृद्धि करने की मांग की गई। इसके अलावा गन्नी बैग की कीमत 25 रुपये से बढ़ाकर 75 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी रखी गई।
पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि धान खरीद में कम लक्ष्य निर्धारित किए जाने और भुगतान में देरी के कारण पैक्स को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर किसानों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 15 नवंबर से पहले मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो प्रखंड के पैक्स अध्यक्ष धान अधिप्राप्ति का कार्य शुरू नहीं करेंगे। बैठक में पटना जिला पैक्स अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष रितेश कुमार सहित कई पैक्स अध्यक्ष मौजूद थे।