नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर में रसोई गैस की भारी किल्लत से आम लोग परेशान हैं। एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सरकार और प्रशासन के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है।
शहर के दानी बिगहा में मगध एजेंसी के उपभोक्ताओं की लंबी कतार सुबह 7 बजे से ही लग गई। लोगों का कहना है कि तीन-तीन घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस वाहन के आने की कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिल रही है। करीब 500 से अधिक उपभोक्ता घंटों इंतजार करते रहे।
उपभोक्ता नित्यानंद कुमार ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा। सिर्फ दानी बिगहा जाने की सलाह दी जा रही है। वहीं, शहर में भारत गैस के उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक अन्य उपभोक्ता हरिओम कुमार ने बताया कि उन्हें आठ दिन पहले ओटीपी मिला था, इसके बाद मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी आ गया और सब्सिडी की राशि भी खाते में पहुंच गई, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने इसे एजेंसी की मनमानी और डेटा हैंडलिंग में गड़बड़ी बताते हुए कालाबाजारी की आशंका जताई।
गैस की कमी के कारण कई घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है और लोग वैकल्पिक व्यवस्था के लिए मजबूर हैं। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने और व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।