डा. प्रकाश चंद्र ने दिए पेयजल व सेनेटरी की तत्काल व्यवस्था का निर्देश
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। कन्या इंटर विद्यालय में शुक्रवार को विधायक डा. प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में विद्यालय प्रबन्ध समिति की बैठक की गई। उनका पहली बार आगमन पर सम्मानित किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक रवींद्रनाथ ने अध्यक्षता की। विद्यालय प्रबंध समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन, डीपीओ, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी विकास कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी, प्रबन्ध समिति के सदस्य नीरज कुमार, आशा देवी उपस्थित रहे।
विधायक द्वारा वर्ष-2026 की वार्षिक परीक्षा में बेहतर अंक लानेवाली 10 वीं एवं 12 वीं के छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। डा. प्रकाशचंद्र ने कहा कि जैसे हम मंदिर में निश्छल एवं निष्कपट होकर जाते हैं वैसे ही विद्यालय में भी आना चाहिए। विद्यालय में धर्म या जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। विद्यालय में दो ही तरह के लोग होते हैं एक शिक्षक और दूसरे विद्यार्थी। विद्यालयों में शिक्षकों के बीच स्थित जाति वैमनस्यता को लेकर विधायक ने चिंता प्रकट करते हुए कहा कि विद्यालय में किसी प्रकार के भेद-भाव एवं छुआ-छूत का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष होने के नाते विद्यालय के विकास के मार्ग में किसी प्रकार का अवरोध उतपन्न नहीं होने दूंगा, क्योंकि इस विद्यालय से मेरा भावनात्मक लगाव है। विद्यालय में पेयजल की उत्तम व्यवस्था करने, अतिक्रमण हटाने, मीटिंग हॉल बनाने, सेनेटरी वेडिंग मशीन लगाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका सुरभि कुमारी ने किया।
इस अवसर वार्ड पार्षद चिंटू मिश्रा, मुकेश मिश्रा, प्रशांत इन्द्रगुरु, राव मनीष, किशोर कुमार सिन्हा, एसबीआई मैनेजर फयाज अहमद, संतोष कुमार, मोहम्मद साबिर अहमद, रामजीत कुमार, मनीष कुमार, जयशंकर प्रसाद, सत्यम कुमार पांडेय, सुनील कुमार, नन्दू कुमार, अभय कुमार सिंह, माया कुमारी, लकी कुमारी, रिजवान अहमद उपस्थित रहे। विधायक ने सभी वर्ग में जाकर छात्राओं से उनका हाल जाना।