भूख-प्यास से बेहाल चालक और यात्री, शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से महिलाओं की बढ़ी परेशानी, एंबुलेंस को रास्ता दिलाने में जुटी पुलिस
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा-बेगूसराय सिक्सलेन पुल, राजेंद्र सेतु और एनएच-31 पर पिछले करीब 30 घंटे से भीषण जाम लगा हुआ है। शनिवार सुबह से शुरू हुआ जाम रविवार तक विकराल रूप ले चुका है। सिक्सलेन पुल के अलावा अप्रोच पथ, एनएच-31 और एनएच-31ए पर हजारों वाहन कतार में फंसे हैं। वाहनों की लंबी कतार के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जाम में फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि वाहन कई घंटों में महज कुछ सौ मीटर की दूरी तय कर पा रहे हैं। लंबी दूरी की यात्रा पर निकले लोगों को घंटों सड़क पर गुजारने पड़ रहे हैं। जाम के कारण यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है, वहीं मालवाहक वाहनों के चालकों के सामने भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
भीषण जाम में फंसे लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या खाने-पीने की है। आसपास होटल और खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालक और यात्री भूख-प्यास से परेशान हैं। कई लोग सत्तू पीकर किसी तरह समय काट रहे हैं। घंटों से सड़क पर फंसे रहने के कारण लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
महिला यात्रियों को शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रा कर रहे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। जाम के कारण लोग न तो आसानी से आगे बढ़ पा रहे हैं और न ही आसपास की सुविधाओं तक पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र में एनटीपीसी गेट के पास एक सीएनजी ऑटो में आग लगने के बाद यातायात बाधित हो गया। बताया जाता है कि आग लगने के बाद चालक ऑटो को सड़क पर छोड़कर चला गया। इसके चलते करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इसी दौरान एक ट्रक में तकनीकी खराबी आ जाने से स्थिति और गंभीर हो गई।
इसके बाद सड़क पर पहले निकलने की होड़ में वाहन चालकों के बीच आपाधापी बढ़ने लगी। वाहनों के बेतरतीब ढंग से आगे बढ़ने के प्रयास ने जाम को और लंबा कर दिया। शनिवार सुबह से शुरू हुई समस्या रविवार तक बनी रही और सिक्सलेन पुल समेत आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम के बीच एंबुलेंस के फंसने से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की चिंता भी बढ़ गई है। पुलिसकर्मी एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए किसी तरह वाहनों के बीच जगह बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, वाहनों की अत्यधिक संख्या और सड़क पर सीमित जगह के कारण यातायात सामान्य कराने में कठिनाई हो रही है।
सिक्सलेन पुल और एनएच-31 पर लगे जाम का असर मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है। ट्रकों के लंबे समय तक फंसे रहने से आसपास के जिलों में जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हो रही है।
करीब 30 घंटे से जारी जाम ने मोकामा-बेगूसराय मार्ग पर यातायात व्यवस्था की गंभीर स्थिति उजागर कर दी है। अब लोगों को यातायात सामान्य होने का इंतजार है। पुलिस-प्रशासन के सामने सिक्सलेन पुल, अप्रोच पथ और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही बहाल करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।