नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। नगर परिषद डेहरी डालमियानगर के तत्वावधान में सम्राट अशोक भवन में सफाई मित्रों के लिए 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) के अंतर्गत प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 (PMKVY) के तहत डीसीआई मल्टी स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव कुमार के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक मिन्हाज आलम ने सफाई मित्रों को सीवर एवं स्वच्छता कार्य को सुरक्षित तरीके से करने, आधुनिक मशीनों के उपयोग, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य सफाई मित्रों को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए सक्षम बनाना था, ताकि वे अपने कार्य के दौरान सुरक्षित रहकर बेहतर ढंग से जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

इस अवसर पर नगर परिषद डेहरी डालमियानगर की ओर से स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव कुमार, मशीन चालक संतोष यादव, सहायक अनिल कुमार, ट्रेनर पार्टनर वीर बसंत लाल तथा सहायक अंशु राज सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी सफाई मित्रों को पीपीई किट भी वितरित की गई, ताकि वे कार्य करते समय अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। इसके अतिरिक्त सरकार की ओर से प्रशिक्षित सफाई मित्रों को आयुष्मान कार्ड और स्किलिंग सर्टिफिकेट जैसे महत्वपूर्ण लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सफाई मित्रों में धर्मेन्द्र राम, छठु राम, लवकुश कुमार, दुर्गा राम, दीपक कुमार, गुडू कुमार, सिकंदर राम, सूरज कुमार, राजा कुमार, सुरेंद्र राम, अजय कुमार, सिकंदर राम और विजेंद्र राम सहित अन्य शामिल रहे।