नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। शहर के प्रतिष्ठित मिर्जा गालिब कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस से जुड़े स्वयंसेवकों को योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने के लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्र-छात्राओं को समाज एवं देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है। इसके जरिए समाज को सशक्त बनाने में योगदान दिया जा सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ना गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में एनएसएस से जुड़कर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित वीडियो भी दिखाया गया। कॉलेज के सचिव शकील अहमद खान ने कार्यक्रम में शामिल स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सिद्धार्थ गौतम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मो. सफदर अली ने किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जोफैल हसन, डॉ. इरफाना नाहिद सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम की जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।