नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लहसुना थाना की निवर्तमान थानाध्यक्ष खुशबू खातून को बुधवार को एक भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। अपने कार्यकाल के दौरान सामाजिक सरोकारों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के कारण वह क्षेत्र में ‘वर्दी वाली टीचर’ के नाम से लोकप्रिय रहीं।
खुशबू खातून ने पुलिसिंग के साथ-साथ समाज सेवा को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने सैकड़ों किशोरियों के बीच सेनेटरी पैड वितरित कर मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई। इसके अलावा ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले मजदूर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया तथा उन्हें किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई। कई अवसरों पर वह थाने में ही बच्चों को पढ़ाते हुए भी नजर आईं।
तबादले के उपरांत लहसुना थाना परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में वक्ताओं ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस और समाज के बीच विश्वास का एक मजबूत संबंध स्थापित किया। लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदाई देते हुए कहा कि उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर लहसुना थाना के नए थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने पदभार ग्रहण किया। समारोह में उनका भी स्वागत और सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में खुशबू खातून ने कहा, “मैं कहीं भी रहूं, लहसुना थाना क्षेत्र की जनता हमेशा मेरे दिल में रहेगी। यहां से मिला प्यार और सहयोग मेरे लिए अमूल्य है।”
कार्यक्रम में शिक्षाविद् राहुल चंद्र, मुखिया पिंकू सिंह, मुखिया नेहा, चंदन भारती, रूबल रविदास, भाजपा नेता संजय केसरी, मसूद राजा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।