नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-डोभी फोरलेन पर सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त डीएसपी मो. जुनूस (66) की मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे अतीक रहमान (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नदवां ओपी क्षेत्र के नीमा गांव के पास निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, गया के व्हाइट हाउस निवासी मो. जुनूस अपने भतीजे अतीक रहमान के साथ कार से पटना जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे ईंट उतारने के लिए एक ट्रैक्टर खड़ा था। बताया जाता है कि अचानक कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मो. जुनूस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे अतीक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अतीक को मसौढ़ी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने कुछ देर तक हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
नदवां ओपी प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।