नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी पुलिस एवं एमवीआई ने सोमवार को कई जगहों पर पुरे दल बल के साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान कई घंटे तक चला, जिसमें दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया सभी प्रकार के वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात की कमी, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नंबर प्लेट संबंधी उल्लंघन के मामलों में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीन दर्जन से अधिक वाहनों का तकरीबन 60 हजार चालान काटा। कई चालकों को मौके पर ही चेतावनी देकर छोड़ने के बजाय नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं और नियमों की अनदेखी को देखते हुए यह अभियान अनिवार्य हो गया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मसौढ़ी क्षेत्र में यातायात नियमों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था मिल सके। उन्होंने वाहन चालकों से अपील किया कि वे हेलमेट पहनें, वैध कागजात रखें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
थानाध्यक्ष ने चेतावनी भी दी कि बिना कागजात और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब और भी कड़ी कार्रवाई होगी। अभियान में मसौढ़ी पुलिस की पुरी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा कई जगहों पर एमवीआई की भी टीम एक्टिव रही और घूम-घूम भर कई जगहों पर दो दर्जनो से अधिक वाहनों पर चालान काटा जिससे घंटों हड़कंप मची रही।