नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड के राजाबीघा गांव में तालाब खुदाई के दौरान भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा मिलने से पूरे इलाके में आस्था का माहौल बन गया है। छठ घाट निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान गुरुवार दोपहर मजदूरों को अचानक जमीन के अंदर से काले पत्थर की एक प्रतिमा दिखाई दी। प्रतिमा को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया, जिसमें लगभग दो फीट ऊंची भगवान श्री कृष्ण की आकृति स्पष्ट रूप से नजर आई।
प्रतिमा मिलते ही यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दर्शन के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के क्षेत्रों से भी लोग भगवान के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मौके पर ही पूजा-अर्चना शुरू कर दी और फूल-माला चढ़ाकर आशीर्वाद लेने लगे।
ग्रामीणों का मानना है कि यह स्थान अब अत्यंत पवित्र हो गया है। लोगों ने यहां मंदिर निर्माण की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि खुदाई के दौरान भगवान श्री कृष्ण का प्रकट होना शुभ संकेत है और इससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पटना-गया फोरलेन के पूर्व दिशा में स्थित राजाबीघा गांव में सामुदायिक सहयोग से छठ घाट के रूप में तालाब का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान यह प्रतिमा मिली। फिलहाल प्रशासन को भी इसकी सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।